



जयपुर। भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान के प्रदेश मीडिया विभाग की ओर से जयपुर के जनपथ स्थित यूथ हॉस्टल में होली स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। समारोह के दौरान होली के पारंपरिक रंगों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
कार्यक्रम में शेखावाटी क्षेत्र के कलाकारों ने चंग और ढाप की पारंपरिक धमाल प्रस्तुत की, जिसे देखकर उपस्थित अतिथि और दर्शक झूम उठे। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समारोह को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। इस दौरान समारोह में फूलों की होली खेली गई और भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ ने सभी अतिथियों पर पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
प्रमोद वशिष्ठ ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पत्रकारों से संवाद करते हुए उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं और सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा भी की।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, एकता अग्रवाल, नारायण मीणा, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा और जयपुर शहर जिला अध्यक्ष अमित गोयल सहित कई प्रवक्ता, पैनलिस्ट और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर होली के इस स्नेह मिलन समारोह को उत्सवमय बना दिया।