Saturday, 07 March 2026

वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व सूचना आयुक्त नारायण बारेठ का निधन, जयपुर में अंतिम संस्कार


वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व सूचना आयुक्त नारायण बारेठ का निधन, जयपुर में अंतिम संस्कार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। वरिष्ठ पत्रकार और राजस्थान के पूर्व सूचना आयुक्त नारायण बारेठ का शनिवार को निधन हो गया। वे 68 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से निमोनिया से पीड़ित थे। जयपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद शनिवार को मालवीय नगर स्थित अपेक्स सर्किल के पास मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

नारायण बारेठ ने पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबा समय बिताया और अपनी निष्पक्ष तथा जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता के लिए विशेष पहचान बनाई। उन्होंने बीबीसी हिंदी सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया। इसके अलावा वे टाइम्स ऑफ इंडिया, नवभारत टाइम्स जैसे प्रमुख समाचार पत्रों से भी जुड़े रहे। पत्रकारिता के साथ-साथ उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में भी योगदान दिया और हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में लंबे समय तक व्याख्याता के रूप में कार्य किया।

उनके निधन पर कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि नारायण बारेठ ने बीबीसी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता कर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि सूचना आयुक्त के रूप में भी उन्होंने कुशल प्रशासक के तौर पर अपनी अमिट छाप छोड़ी।

नारायण बारेठ के निधन पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया। वहीं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने उनके निधन को मीडिया जगत के लिए बड़ी क्षति बताया।


Previous
Next

Related Posts