



जयपुर। राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को उस समय हल्का-फुल्का माहौल बन गया जब संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने मजाकिया अंदाज में विधायकों के लिए गिफ्ट की मांग कर दी।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सभी विधायकों को 10 मार्च को आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में आमंत्रित किया था। इस कार्यक्रम में शाम 6 बजे राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के दो साल के कार्यकाल पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया जाएगा, जिसके बाद डिनर का भी आयोजन रखा है।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा आमंत्रण दिए जाने के बाद संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने मुस्कराते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विधानसभा की पुरानी परंपरा इस बार भी नहीं टूटेगी। उन्होंने कहा कि इस बार बजट के दौरान कोई गिफ्ट नहीं मिला, इसलिए सभी विधायकों को लैपटॉप या 5-7 लाख रुपए का कोई उपहार दिलवाया जाए। उनके इस बयान पर सदन में हंसी का माहौल बन गया।
इस पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी हल्के अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री से विधानसभा के लिए बजट की मांग करेंगे और बजट मिलने के बाद इस विषय पर विचार किया जाएगा।
इसी दौरान कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी ने भी चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि यदि सरकार खेजड़ी के पेड़ों को बचाने वाला बिल ले आए तो वह विधायकों के लिए सबसे बड़ा गिफ्ट होगा। इस पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जवाब दिया कि इस बिल पर काम चल रहा है और जल्द ही इसे लाया जाएगा। हरीश चौधरी ने आग्रह किया कि इसे इसी विधानसभा सत्र में लाया जाए। इस पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि सरकार ने इसी विधानसभा में यह बिल लाने की बात कही थी और उस पर काम जारी है।