



जयपुर। जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र स्थित फिरदौस मस्जिद में शुक्रवार दोपहर नमाज के दौरान अचानक दीवार गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब 19 लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। घटना के समय मस्जिद में करीब एक हजार लोग नमाज अदा कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में दबे सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। घायलों को पहले कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रेफर किया गया। एसएमएस अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. जगदीश मोदी के अनुसार 11 घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जिनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें ICU में रखा गया है, जबकि आठ लोगों का इलाज मास कैजुअल्टी वार्ड में चल रहा है।
घायलों में रुस्तम (40), ईशान (34), खुर्शीद (25), सुहैल (25), इमाम जफर (20), इकबाल (18) सहित अन्य लोग शामिल हैं। हादसे में तीन साल का मासूम ईशान भी घायल हुआ है। कांवटिया अस्पताल में तीन घायलों का उपचार जारी है, जबकि कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस विधायक अमीन कागजी, विधायक हाकम अली और असरार कुरैशी विधानसभा से सीधे एसएमएस अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। फिलहाल प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।