Saturday, 07 March 2026

10 मार्च तक चलेगा राजस्थान विधानसभा सत्र, 9 मार्च को पंचायत, 10 मार्च को निकाय चुनाव से जुड़े बिल होंगे पारित


10 मार्च तक चलेगा राजस्थान विधानसभा सत्र, 9 मार्च को पंचायत, 10 मार्च को निकाय चुनाव से जुड़े बिल होंगे पारित

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही अब 10 मार्च तक जारी रहेगी। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में हुई कार्य सलाहकार समिति की बैठक में आगामी कार्यसूची तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 7 और 8 मार्च को विधानसभा की कार्यवाही अवकाश के कारण नहीं होगी, जबकि 9 और 10 मार्च को महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा के बाद उन्हें पारित किया जाएगा।

बैठक के अनुसार 9 मार्च को राजस्थान पंचायतीराज संशोधन विधेयक-2026 और राजस्थान आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा विश्वविद्यालय विधेयक-2026 पर सदन में चर्चा होगी और इन्हें पारित कराया जाएगा। पंचायतीराज संशोधन विधेयक के जरिए पंचायत चुनावों में दो बच्चों की बाध्यता समाप्त करने का प्रावधान किया जा रहा है, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा है।

10 मार्च को राजस्थान नगरपालिका संशोधन विधेयक-2026 और महाराणा प्रताप खेलकूद विश्वविद्यालय विधेयक-2026 को सदन में चर्चा के बाद पारित कराने की योजना है। नगरपालिका संशोधन विधेयक में भी निकाय चुनावों में दो बच्चों की बाध्यता खत्म करने का प्रस्ताव शामिल है।

सरकार का कहना है कि इन संशोधन विधेयकों के पारित होने के बाद पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में दो बच्चों की शर्त समाप्त हो जाएगी। विधानसभा में इन विधेयकों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस होने की संभावना है।

Previous
Next

Related Posts