



जयपुर। राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को राजस्थान दुकान एवं वाणिज्यिक अधिष्ठान (संशोधन) विधेयक-2026 पर चर्चा के दौरान जोरदार हंगामा देखने को मिला। बहस के बीच सभापति संदीप शर्मा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिससे सदन का माहौल गरमा गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सत्तापक्ष और विपक्ष के कई विधायक वैल में उतर आए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ते देख आसन पर आए सभापति अर्जुनलाल जीनगर ने सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी।
कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद सत्तापक्ष के सदस्यों ने कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह डोटासरा के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इस पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग देखी जाएगी और उसके बाद शुक्रवार को निर्णय लिया जाएगा।
विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा बोल रहे थे। इसी बीच सभापति संदीप शर्मा ने समय का संकेत देने के लिए घंटी बजाई। इस पर गोविंद सिंह डोटासरा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि बिल पर चर्चा के दौरान किसी सदस्य को इस तरह बार-बार घंटी बजाकर टोकने की परंपरा नहीं है। डोटासरा की टिप्पणी पर सभापति ने कड़ा एतराज जताया और कहा कि इस तरह आसन से इस प्रकार की भाषा में बात नहीं की जा सकती।
इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत सहित सत्तापक्ष के कई मंत्री और विधायक खड़े होकर विरोध जताने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आसन को धमकाने की कोशिश की जा रही है।
हंगामे के दौरान सभापति संदीप शर्मा ने सुरेश विधायक गोविंद सिंह डोटासरा से कहा कि उनकी हरकतें सड़क छाप जैसी लग रही हैं और उन्हें अपनी भाषा पर ध्यान देना चाहिए। इस पर डोटासरा ने भी पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत कुछ देखा है। इस तीखी नोकझोंक के कारण सदन का माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा।