



कोटा। हाड़ौती संभाग के लिए महत्वपूर्ण कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना का शिलान्यास शनिवार को शंभूपुरा स्थित प्रस्तावित एयरपोर्ट स्थल पर किया जाएगा। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की दो बड़ी पेयजल परियोजनाओं—नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना और परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना का भूमि पूजन भी किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, पीएचईडी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री एवं कोटा जिले के प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक, ऊर्जा राज्यमंत्री और बूंदी जिले के प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन और ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण लगभग 1507 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इस एयरपोर्ट के निर्माण से हाड़ौती क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है और क्षेत्र को देश के अन्य प्रमुख शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी।
प्रस्तावित एयरपोर्ट में करीब 1000 यात्रियों की क्षमता वाला आधुनिक टर्मिनल बनाया जाएगा, जिसका क्षेत्रफल लगभग 20 हजार वर्गमीटर होगा। इसके अलावा एयरपोर्ट पर 3200 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार किया जाएगा, जिससे ए-321 श्रेणी के विमान भी आसानी से उड़ान भर सकेंगे। एयरपोर्ट परिसर में विमानों की पार्किंग के लिए सात एप्रन बे भी बनाए जाएंगे।
इस परियोजना को हाड़ौती क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे पर्यटन, उद्योग और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।