



जयपुर। मानसरोवर स्थित पत्रकार कॉलोनी में बुधवार को होली के रंगों और ब्रज के पारंपरिक होरी गीतों के साथ भव्य होली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में “होली खेले रघुवीरा, अवध में होली खेले रघुवीरा…” और ब्रज की होरी के गीतों की गूंज के बीच लोग रंगों में सराबोर होकर उत्सव का आनंद लेते नजर आए। पिचकारियों से निकलती रंग-बिरंगी धार और गुलाल की खुशबू ने पूरे माहौल को सतरंगी बना दिया।
पत्रकार कॉलोनी निवासी नरेंद्र वशिष्ठ की ओर से आयोजित इस समारोह में वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा सहित कॉलोनी के करीब 400 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर शर्मा, पिंक सिटी प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष परमेश्वर प्रसाद शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
होली स्नेह मिलन समारोह में पत्रकार कॉलोनी के पत्रकार अपने परिवारों के साथ शामिल हुए और मधुर संगीत, ठंडाई और चटपटी पकौड़ियों का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान होली के गीतों पर लोगों ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में भाईचारे और उत्साह का माहौल देखने को मिला।