Thursday, 05 March 2026

माधोराजपुरा के श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर का संचालन अब जिला प्रशासन के अधीन


माधोराजपुरा के श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर का संचालन अब जिला प्रशासन के अधीन

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। फागी क्षेत्र के माधोराजपुरा स्थित श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर का संचालन अब जिला प्रशासन जयपुर के अधीन कर दिया गया है। न्यायालय सिविल जज एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, फागी द्वारा 4 फरवरी 2026 को पारित आदेश की अनुपालना में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने मंदिर तथा उससे संबंधित समस्त संपत्तियों के प्रबंधन और संचालन के लिए एक समिति का गठन किया है। मंदिर का संचालन प्रशासक, मंदिर ठिकाना गलताजी के माध्यम से किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर चतुर्थ आशीष कुमार ने बताया कि जिला कलक्टर द्वारा गठित समिति की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी माधोराजपुरा करेंगे। समिति में तहसीलदार माधोराजपुरा और देवस्थान विभाग के निरीक्षक को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह समिति मंदिर के प्रबंधन, व्यवस्थाओं और संपत्तियों के संचालन की निगरानी करेगी।

न्यायालय के आदेश के अनुसार मंदिर श्री खेड़ा हनुमान जी तथा उससे जुड़ी सभी संपत्तियों के संचालन और प्रबंधन के लिए प्रशासक, मंदिर ठिकाना गलताजी को अधिकृत किया गया था। इसी आदेश की पालना में जिला प्रशासन ने समिति का गठन कर मंदिर की व्यवस्थाओं को अपने नियंत्रण में लिया है।

समिति के अध्यक्ष उपखण्ड अधिकारी माधोराजपुरा द्वारा 16 फरवरी 2026 को मंदिर का प्रबंधन और परिसंपत्तियां प्रशासक, मंदिर ठिकाना गलताजी को सौंप दी गईं। इसके बाद मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना शुरू कर दी गई है और व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।

Previous
Next

Related Posts