



जयपुर। जयपुर के खो नागोरियान थाना क्षेत्र में बुधवार शाम अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते समय आग लगने से हड़कंप मच गया। इंदिरा गांधी नगर इलाके में हुए इस हादसे में पास में स्थित एक डेकोरेशन और गिफ्ट पैकिंग की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गैस सिलेंडर में धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। तेज धमाके की आवाज और उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और मिट्टी तथा पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान मालिक कपिल खंडेलवाल ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकान में दो बड़े और कई छोटे गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे, हालांकि छोटे सिलेंडरों में आग नहीं लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दमकल और पुलिस के पहुंचने से पहले दिनेश और रवि नाम के दो लोग फटे हुए सिलेंडरों को वहां से हटाकर फरार हो गए। वहीं खो नागोरियान थाना प्रभारी ओमप्रकाश मातवा ने सिलेंडर ब्लास्ट की बात से इनकार करते हुए कहा कि आग डेकोरेशन शॉप में लगी थी और मौके से कोई सिलेंडर बरामद नहीं हुआ है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग कैसे लगी और क्या अवैध गैस रिफिलिंग की जा रही थी। साथ ही इस मामले में शामिल लोगों की पहचान भी की जा रही है।