Thursday, 05 March 2026

फागी के द्वारकाधीश मंदिर में लगा फूलडोल मेला, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने गाए भजन और किया डांस


फागी के द्वारकाधीश मंदिर में लगा फूलडोल मेला, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने गाए भजन और किया डांस

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर जिले के फागी क्षेत्र में मांसी नदी किनारे स्थित द्वारकाधीश मंदिर परिसर में बुधवार को पारंपरिक फूलडोल मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने भगवान द्वारकाधीश के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और कुशलता की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद भजन मंडली के साथ ढोलक और मंजीरों की धुन पर भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

भजन मंडली के कलाकारों से माइक लेकर डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने राजस्थानी भजन और लोकगीत भी गाए। उन्होंने मंजीरे बजाते हुए कलाकारों के साथ मंच पर जमकर नृत्य भी किया, जिससे मेले में मौजूद लोगों में उत्साह का माहौल बन गया। उनके साथ श्रद्धालु भी भक्ति संगीत की धुनों पर झूमते नजर आए।

दरअसल, फागी के द्वारकाधीश मंदिर में हर साल फूलडोल मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। इस अवसर पर मेला समिति की ओर से उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा का राजस्थानी परंपरा के अनुसार पगड़ी पहनाकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया। बैरवा ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और प्रेम बढ़ता है तथा लोगों को भगवान के दर्शन का अवसर मिलता है।

मेले के दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर खुशी चौधरी और राजेंद्र फागी ने नशा मुक्ति अभियान भी चलाया। उन्होंने गांव में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता रैली निकाली और मेले में आए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग भी एक प्रकार का नशा बनता जा रहा है, इसलिए इसके प्रयोग में संयम रखना चाहिए। साथ ही 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मोबाइल से दूर रखने की सलाह भी दी।

कार्यक्रम में पंचायत समिति प्रधान रमा देवी चौधरी, प्रशासक अनिता चौधरी, पंडित मनोज कुमार शर्मा, मेला समिति अध्यक्ष सुवालाल गुर्जर, मेला प्रभारी सत्येंद्र जैन, भगवान हनुमान सिंह, कालूराम सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

    Previous
    Next

    Related Posts