



अजमेर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को अजमेर शहर में चल रहे विकास कार्यों और सरकार की बजट घोषणाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आनासागर झील के विकास कार्यों को लेकर कहा कि झील में चारों ओर से मिट्टी निकाली जाए, ताकि बरसात के समय अधिक पानी झील में आ सके। साथ ही सेवन वंडर के पास खाली पड़ी जमीन तक भी पानी का भराव सुनिश्चित करने के लिए खुदाई कर उसे झील के स्तर तक लाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक शक्ति सिंह राठौड़ और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ झील में मिट्टी निकालने के प्रस्तावित कार्य पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत आनासागर झील से करीब एक मीटर तक मिट्टी निकाली जाएगी, जिस पर लगभग 78 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
देवनानी ने अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) को निर्देश दिए कि शहर में चार नई सड़कों के विकास और विस्तार के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएं। इन सड़कों में नगर निगम के नए कार्यालय से लोहागल होते हुए नागौर हाईवे, स्टीफन चौराहे से माकड़वाली होते हुए नागौर हाईवे, पृथ्वीराज नगर से रातीडांग और चौरसियावास होते हुए नौसरघाटी तक तथा रेयान स्कूल से हाथीखेड़ा होते हुए वरुण सागर और खरेकड़ी रोड तक सड़क निर्माण शामिल है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि अजमेर के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड की डीपीआर जल्द तैयार की जाए। राज्य बजट में इसके लिए 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा रामसेतु के नीचे पार्किंग व्यवस्था जल्द शुरू करने, केसर बाग पुलिया को ऊंचा करने और ब्रह्मपुरी नाले की सफाई व गहराई बढ़ाने के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
विधानसभा अध्यक्ष ने शहर में भीड़भाड़ और तंग रास्तों वाले क्षेत्रों में डीएमएफटी फंड से स्वीकृत अग्निशमन उपकरण लगाने, सड़कों के पेचवर्क करने तथा जिन क्षेत्रों में महिला शौचालय प्रस्तावित हैं वहां निर्माण कार्य जल्द शुरू करने को भी कहा। साथ ही नगर निगम क्षेत्र में नए शामिल इलाकों में सफाई और रोड लाइट की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान विजयराजे सिंधिया नगर के पास निर्माणाधीन खेल स्टेडियम के कार्यों की भी समीक्षा की गई।