



भाजपा ने मंगलवार को राज्यसभा चुनाव के लिए 9 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी ने बिहार से अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा बिहार से ही शिवेश कुमार का नाम भी सूची में शामिल किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार तथा पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को पार्टी ने उम्मीदवार घोषित किया है।
राज्यसभा की कुल 37 सीटों पर 10 राज्यों में 16 मार्च को चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना की जाएगी। यह चुनाव उन सीटों पर कराया जा रहा है जिनके मौजूदा सदस्यों का छह वर्ष का कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त हो रहा है। राज्यसभा के नियमों के अनुसार निर्वाचित सदस्य शपथ ग्रहण की तिथि से अगले छह वर्षों तक, यानी 2032 तक सदन के सदस्य रहेंगे।
इन सीटों के खाली होने का कारण संबंधित सांसदों का कार्यकाल पूरा होना है। राज्यसभा के सदस्यों का कार्यकाल छह वर्ष का होता है और हर दो वर्ष में एक तिहाई सीटों पर चुनाव होता है। जिन राज्यों में सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उन्हीं सीटों पर नए चुनाव कराए जा रहे हैं।
चुनाव आयोग ने 18 फरवरी को 10 राज्यों की 37 सीटों पर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी। इन सीटों में से 12 सीटें वर्तमान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पास हैं, जबकि 25 सीटों पर विपक्ष का कब्जा है। राज्यवार देखें तो सबसे अधिक महाराष्ट्र की 7 सीटों पर चुनाव होगा, जबकि तमिलनाडु की 6 सीटों पर और पश्चिम बंगाल व बिहार की 5-5 सीटों पर मतदान कराया जाएगा।
इन सीटों पर जिन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, डीएमके की कणिमोझी, तिरुचि शिवा और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश शामिल हैं। इन सभी का कार्यकाल 2 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद नए निर्वाचित सदस्य राज्यसभा में उनका स्थान लेंगे।
