Tuesday, 03 March 2026

जयपुर के 10 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड से दो परिवारों का रेस्क्यू


जयपुर के 10 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड से दो परिवारों का रेस्क्यू

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। श्याम नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक 10 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जनपथ स्थित ‘अलौकिक स्वरूप रेजिडेंसी’ के 6वें फ्लोर पर बने एक फ्लैट में आग लगने की घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एसएचओ दलवीर सिंह ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे कमल नामक निवासी के फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते देख कमल अपने परिवार के साथ तुरंत बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे फ्लैट में फैल गई। घना धुआं उठने से बिल्डिंग में रहने वाले करीब 200 लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेजिडेंसी गार्ड्स की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बिल्डिंग को खाली कराया गया। इस दौरान छत पर फंसे दो परिवारों को हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड की सहायता से सुरक्षित नीचे उतारा गया।

फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से फ्लैट पूरी तरह जल गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। समय पर कार्रवाई और राहत कार्य के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

Previous
Next

Related Posts