



चूरू। जिले के बीदासर कस्बे में सोमवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब होटल के अंदर घुसे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में होटल मालिक सहित चार लोगों को गोली लगी, जिनमें से होटल मालिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 12:30 बजे बीदासर स्थित होटल ‘द रॉयल ट्रीट’ में हुई। एसपी जय यादव ने बताया कि तीन बदमाश होटल में घुसे और करीब पांच मिनट तक लगातार फायरिंग की। हमले में होटल मालिक मुनीराम मंडा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं भीखाराम जाट, श्रवण जाट और प्रभुराम प्रजापत निवासी दडीबा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सुजानगढ़ के राजकीय बगड़िया अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को जयपुर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
फायरिंग की पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि कुछ लोग होटल के अंदर बैठे थे, तभी बाहर से आए बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां टेबल के आसपास खड़े लोगों पर भी चलाई गईं, जिससे वहां भगदड़ मच गई।
प्रारंभिक जांच में शराब कारोबार को लेकर आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मृतक मुनीराम मंडा शराब और होटल व्यवसाय से जुड़े थे। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और रंजिश के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद होटल परिसर और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।