



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार मध्यरात्रि के पश्चात सिविल लाइन्स स्थित मुख्यमंत्री निवास पर पारंपरिक विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की खुशहाली, सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास परिसर में स्थित श्री राज राजेश्वरी मंदिर प्रांगण में विधिवत होली पूजन किया। मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन संपन्न हुआ। धार्मिक परंपराओं के अनुरूप पूजा-अर्चना के बाद होलिका प्रज्वलित की गई और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान पुलिस की आरएसी बटालियन के जवानों ने चंग की थाप पर पारंपरिक होली गीत और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। मुख्यमंत्री ने जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और होली की शुभकामनाएं दीं।
होलिका दहन समारोह में मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक संस्कृति का संगम देखने को मिला।