Monday, 02 March 2026

डीजीपी राजीव शर्मा के निर्देश पर राजस्थान पुलिस की 19 जिलों में सर्जिकल स्ट्राइक, 1276 अपराधी चिन्हित: 214 गिरफ्तार


डीजीपी राजीव शर्मा के निर्देश पर राजस्थान पुलिस की 19 जिलों में सर्जिकल स्ट्राइक, 1276 अपराधी चिन्हित: 214 गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। प्रदेश में भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस ने रविवार अलसुबह संगठित अपराध के खिलाफ राज्यव्यापी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ अभियान चलाया। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के विजन के अनुरूप अवैध हथियार रखने वाले, रंगदारी और संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल गिरोहों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए व्यापक घेराबंदी की गई। यह कार्रवाई जयपुर व जोधपुर कमिश्नरेट सहित कुल 19 जिलों में एक साथ की गई।

इस विशेष अभियान की कमान डीजी (स्पेशल ऑपरेशंस) आनंद श्रीवास्तव को सौंपी गई। उनके निर्देशन में राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने मोर्चा संभाला। एडीजी दिनेश एमएन और डीआईजी योगेश यादव के सुपरविजन में ऑपरेशन का विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया गया। ग्राउंड लेवल पर एसपी ज्ञानचंद यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरोत्तम वर्मा व सिद्धांत शर्मा तथा डीएसपी फूलचंद टेलर और भंवर लाल सहित अनुभवी टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

1276 अपराधी टारगेट, 214 गिरफ्तार

इस अभियान के तहत कुल 1,276 अपराधियों को चिन्हित किया गया, जिनमें 383 लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े, 534 स्थानीय गैंग के सदस्य और 359 इनामी व वांछित अपराधी शामिल थे। पुलिस ने प्रदेशभर में इनके ठिकानों पर सघन दबिश देकर 214 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें 11 इनामी, 157 वारंटी और 46 अन्य वांछित आरोपी शामिल हैं।

अवैध हथियार और ड्रग्स का बड़ा जखीरा बरामद

पुलिस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में हथियार और मादक पदार्थ जब्त किए गए—

  • आर्म्स एक्ट के तहत 30 प्रकरण दर्ज कर 17 पिस्टल, 3 देशी कट्टे, 14 कारतूस, 6 चाकू और 6 छुरे बरामद किए गए।

  • एनडीपीएस एक्ट के 34 मामलों में 1.166 किलोग्राम हेरोइन, 8.544 ग्राम स्मैक, 5.29 ग्राम एमडी, 300 ग्राम अफीम, 14.792 किलो गांजा और 26.08 किलो डोडा पोस्त जब्त किया गया।

  • झुंझुनू जिले में 8,153 अफीम के पौधे भी नष्ट किए गए।

हनुमानगढ़ और चूरू में बड़ी सफलता

हनुमानगढ़ में नाकाबंदी के दौरान पंजाब की बंबीहा गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार कर 11 पिस्टल और 22 मैगजीन बरामद की गईं, जो इंदौर से पंजाब सप्लाई की जानी थीं। चूरू में हार्डकोर अपराधी सुरेश सेन के ठिकाने से अवैध शराब, बैंक कार्ड, पासबुक, चेकबुक और ₹5.30 लाख नकद बरामद हुए। वहीं विदेश में सक्रिय अपराधी महेंद्र डेलाना गिरोह से जुड़े धनराज उर्फ धन्ना को भी अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया गया।

प्रदेशभर में समन्वित कार्रवाई

जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, अजमेर और कोटा रेंज सहित सभी चिन्हित जिलों में एक साथ दबिश अभियान चलाया गया। जयपुर रेंज में 142 अपराधियों के डोजियर तैयार किए गए, जबकि बीकानेर व श्रीगंगानगर में बड़े स्तर पर मादक पदार्थ जब्त किए गए। जोधपुर व फलोदी में इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हुई, वहीं कोटा में आर्म्स और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज किए गए।

इस अभियान के दौरान 428 गैंग सदस्यों के पूछताछ नोट और डोजियर तैयार किए गए, ताकि भविष्य में उनके आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदेशभर में एक साथ की गई यह कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई में से एक मानी जा रही है।

Previous
Next

Related Posts