



जयपुर। होली पर्व के दौरान संभावित आतंकी गतिविधियों को लेकर खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद देशभर में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है। राजस्थान सहित जयपुर में सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से सख्त किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी, गश्त और विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहर में शांति समितियों के साथ लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं तथा आदतन अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले बाजारों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि होली के दौरान शराब पीकर उत्पात मचाने, पर्यटकों से छेड़छाड़ करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार गश्त कर हालात की निगरानी कर रहे हैं। आमजन से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
डीसीपी ट्रैफिक सुमित मेहरड़ा ने बताया कि होलिका दहन के दौरान बाजारों और मुख्य मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ सकता है। इसे देखते हुए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।
मुख्य निर्देश:
होलिका दहन मुख्य सड़कों से दूर करें।
पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, होटल और लकड़ी गोदाम जैसे ज्वलनशील स्थानों से दूरी रखें।
दहन स्थलों के पास वाहन पार्क न करें।
शराब पीकर वाहन न चलाएं, जरूरत होने पर टैक्सी का उपयोग करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धूलंडी के दिन किसी पर जबरन रंग डालने, हुड़दंग करने या धार्मिक एवं संवेदनशील स्थलों पर रंग लगाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
ध्वनि प्रदूषण नियमों के अनुसार ही डीजे व साउंड सिस्टम संचालित होंगे।
रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध रहेगा।
सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
माणकचौक, रामगंज और सुभाष चौक थाना क्षेत्रों सहित कई संवेदनशील इलाकों में दंगा नियंत्रण वाहन तैनात किए गए हैं और अतिरिक्त पुलिस जाप्ता लगाया गया है।
पुलिस ने लोगों को होली के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑफर से सतर्क रहने की सलाह दी है। व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना की सूचना के लिए नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
📞 यातायात हेल्पलाइन: 1095
📞 0141-2577717
📱 व्हाट्सएप: 8764866972
📞 यातायात नियंत्रण कक्ष: 0141-2565630, 0141-2561256
🚨 पुलिस कंट्रोल रूम: 100
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए सुरक्षित, संयमित और सौहार्दपूर्ण तरीके से होली मनाने का आग्रह किया है।