



जयपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और मां पन्नाधाय जयंती के अवसर पर 8 और 9 मार्च को जवाहर कला केंद्र (जेकेके) स्थित शिल्प ग्राम में दो दिवसीय महाआयोजन “शक्ति वंदन भारत के स्व का अभिनंदन” आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नारी सुरक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और सांस्कृतिक गौरव को एक मंच पर लाना है। आयोजन को महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सर्वाइकल कैंसर मुक्त भारत के संकल्प से प्रेरित होकर कार्यक्रम में ‘शक्ति कवच’ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 9 से 14 वर्ष की 1000 से अधिक बालिकाओं को निशुल्क HPV टीका लगाया जाएगा। यह पहल ‘सेवायाम्’ संस्था के सहयोग से की जा रही है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ 8 मार्च को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। वे इस अवसर पर मां पन्नाधाय की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। समापन समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े 21 उत्कृष्ट महिलाओं को सम्मानित करेंगे, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
आयोजन की एक विशेष आकर्षण यह भी होगा कि 500 से अधिक महिलाएं पारंपरिक शस्त्र प्रशिक्षण का प्रदर्शन करेंगी, जो आत्मरक्षा और आत्मविश्वास का प्रतीक होगा। इसके साथ ही वैचारिक सत्रों में फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन, ईशा कोप्पिकर और बिहार की युवा विधायक व लोकगायिका मैथिली ठाकुर ‘जेन-जी का विकसित भारत’, ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर वूमन’ और ‘उद्यमिता’ जैसे विषयों पर अपने विचार साझा करेंगी।
आयोजकों के अनुसार, यह महाआयोजन महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित रहेगा तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देगा।