Monday, 02 March 2026

जयपुर की फिल्म कॉलोनी में कचौड़ी की दुकान में आग, गैस पाइप लीकेज से भड़की लपटें


जयपुर की फिल्म कॉलोनी में कचौड़ी की दुकान में आग, गैस पाइप लीकेज से भड़की लपटें

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। शहर की फिल्म कॉलोनी में सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक छोटी-सी कचौड़ी और नमकीन की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान में रखे गैस सिलेंडर और गर्म तेल के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे स्थिति बेहद खतरनाक हो गई। एहतियातन आसपास की सभी दुकानों को तुरंत बंद करवा दिया गया ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

कोतवाली थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा नुकसान टल गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण खाना बनाते समय गैस सिलेंडर की पाइप में लीकेज माना जा रहा है। गैस रिसाव के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। घटना के समय दुकान मालिक मदनलाल मीणा और कर्मचारी सत्यनारायण दुकान में मौजूद थे। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग की चपेट में आकर दुकान में रखा सारा तेल और अन्य सामान जलकर खाक हो गया।

पुलिस और दमकल विभाग ने लोगों से रसोई गैस के उपयोग में सतर्कता बरतने और समय-समय पर पाइप व रेगुलेटर की जांच करवाने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Previous
Next

Related Posts