



सीकर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जयपुर की टीम ने शनिवार को सीकर में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक हेड कॉन्स्टेबल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी ने कल्याण सर्किल स्थित अशोका होटल से आरोपी हेड कॉन्स्टेबल उत्तम पांडे को 13 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार आरोपी हेड कॉन्स्टेबल ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) से कुल 15 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। आरोपी पहले ही पीड़ित से 2 लाख रुपए ले चुका था और शेष राशि लेने के लिए सीकर पहुंचा था। आरोपी खुद को ईडी में प्रभावशाली अधिकारी बताते हुए पीड़ित को लगातार धमका रहा था कि यदि पैसे नहीं दिए तो उसे किसी मामले में आरोपी बना दिया जाएगा।
लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने एसीबी जयपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के तहत पीड़ित को 11 लाख रुपए के डमी नोट उपलब्ध कराए गए। शनिवार को जब पीड़ित आरोपी को कुल 13 लाख रुपए देने अशोका होटल पहुंचा, तो उसमें 11 लाख डमी नोट और 2 लाख असली रुपए शामिल थे।
जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई। एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी की भूमिका, उसके संपर्कों और संभावित अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
एसीबी ने संकेत दिए हैं कि यह मामला केवल रिश्वत तक सीमित नहीं हो सकता और आरोपी द्वारा पद का दुरुपयोग कर लोगों को डराने-धमकाने की शिकायतों की भी जांच की जाएगी।