



जयपुर। हेल्थ अवेयरनेस और प्रिवेंटिव हेल्थकेयर को केंद्र में रखते हुए ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल (जीएचडब्ल्यूएफ) 2026 का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में हुआ। “लोकल से ग्लोबल” थीम पर आधारित इस मेगा आयोजन ने पहले ही दिन 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड्स दर्ज कर एक नई पहचान बनाई। फेस्टिवल का आयोजन जस्ट हेल्थ एंड वेलनेस (जेएचडब्ल्यू) की अगुवाई में किया गया, जिसका उद्घाटन फर्स्ट इंडिया न्यूज़ चैनल के सीईओ जगदीश चंद्र कातिल ने किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
फेस्टिवल के फाउंडर हिम्मत सिंह नाथावत ने बताया कि यह आयोजन केवल एक हेल्थ इवेंट नहीं, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता का जनआंदोलन है। पहले दिन विशेषज्ञ सत्रों, हेल्थ टॉक्स और कॉन्क्लेव के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन, पर्यावरण संरक्षण और आपातकालीन स्वास्थ्य तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
विशेषज्ञ सत्रों में डॉ. सीताराम गुप्ता ने ग्लोबल वार्मिंग और पारंपरिक प्रक्रियाओं के कार्बन उत्सर्जन पर प्रकाश डालते हुए नेट ज़ीरो की दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। डॉ. पीएम भारद्वाज ने मानव जीवन के उद्देश्य और आत्मिक संतुलन पर विचार रखे, जबकि डॉ. राजा मुकीम ने जीवनशैली में सुधार, संतुलित आहार और प्राकृतिक तरीकों से स्वास्थ्य बनाए रखने पर जोर दिया।
वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रतिनिधि योगेश मित्तल ने जानकारी दी कि पहले दिन 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज किए गए। इनमें 26 योग साधकों द्वारा 2600 सूर्य नमस्कार, 1000 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों की बिना दवा स्वस्थ जीवन पर टॉक शो में भागीदारी, 100 से अधिक कॉरपोरेट प्रतिनिधियों का वर्क-लाइफ बैलेंस सत्र में एकत्र होना, जयपुर में विश्व के प्रथम अंगदाता स्मारक की स्थापना और एक मिनट में सर्वाधिक लोगों द्वारा अंगदान शपथ लेना शामिल है।
“हार्ट एंड होप – दिल की धड़कन, जिंदगी की उम्मीद” सत्र ने विशेष आकर्षण प्राप्त किया, जिसमें कार्डियोलॉजिस्ट और ऑन्कोलॉजिस्ट विशेषज्ञों ने हृदय स्वास्थ्य और कैंसर जागरूकता पर जानकारी दी। “हीलिंग विदाउट फियर” सत्र में आधुनिक सर्जरी से जुड़े मिथकों को दूर किया गया और बेसिक लाइफ सपोर्ट (सीपीआर) प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को आपातकालीन स्थितियों में प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई।
“गिफ्ट ऑफ लाइफ” टॉक शो में अंगदान के महत्व, कानूनी पहलुओं और सामाजिक जागरूकता पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में हेल्थ चेकअप कैंप, मेडिकल एग्जीबिशन और प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए गए। आयोजकों ने बताया कि फेस्टिवल में प्रवेश निःशुल्क है और पंजीकृत प्रतिभागियों को लगभग ₹15,000 मूल्य की हेल्थकेयर बेनिफिट बुकलेट प्रदान की जा रही है, जिससे वे वर्षभर संबद्ध अस्पतालों में सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल 2026 ने जयपुर को हेल्थ अवेयरनेस और प्रिवेंटिव केयर के वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।