



अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कायड़ विश्रामस्थली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की पांच बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाया गया। टीकाकरण के पश्चात प्रधानमंत्री ने बालिकाओं से संवाद कर उनके अनुभव, जागरूकता और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। यह पहल किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर और जानलेवा रोग है। वैश्विक स्तर पर इसके लगभग 99 प्रतिशत से अधिक मामलों का प्रमुख कारण एचपीवी संक्रमण माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार समय पर टीकाकरण से इस बीमारी की रोकथाम प्रभावी रूप से संभव है। सरकार द्वारा शुरू किया गया यह राष्ट्रीय अभियान बालिकाओं को भविष्य में इस घातक बीमारी से बचाने की दिशा में व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान करेगा।
टीकाकरण प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए यू-विन (U-WIN) डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से लाभार्थियों का डेटा सुरक्षित रखा जाएगा और टीकाकरण की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह अभियान चरणबद्ध तरीके से देशभर में लागू किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक किशोरियां इसका लाभ उठा सकें।