



अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अजमेर पहुंच चुके हैं। कायड़ विश्रामस्थली के समीप बनाए गए हेलीपैड पर भाजपा नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक इंतजाम किए हैं और सभा स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद हैं।
प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीनेशन अभियान की औपचारिक लॉन्चिंग से करेंगे। यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में मदद मिलेगी।
इसके बाद प्रधानमंत्री जनसभा स्थल पर पहुंचकर लगभग 16,600 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, रोजगार सृजन और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित हैं।