



नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ शनिवार को नई दिल्ली में औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को “संकल्प सभा” का स्वरूप दिया गया है, जिसमें देशभर से संगठन के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों छात्र कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन और नई कार्ययोजना की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
संकल्प सभा में विशेष रूप से राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने की सूचना है। आयोजन स्थल पर युवाओं की व्यापक भागीदारी रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे कार्यक्रम को राष्ट्रीय छात्र राजनीति के महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में माना जा रहा है।
पदभार ग्रहण के दौरान विनोद जाखड़ छात्र एवं युवा मुद्दों को केंद्र में रखते हुए संगठन की आगामी रणनीति प्रस्तुत करेंगे। वे सामाजिक न्याय को मजबूत करने, युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए ड्रग्स विरोधी अभियान चलाने, पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं पर सख्त कार्रवाई की मांग और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे प्रमुख संकल्पों को दोहराएंगे।
संकल्प सभा का उद्देश्य छात्र राजनीति को नई दिशा देना और देशभर के युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाना बताया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, पूर्व पदाधिकारी तथा कांग्रेस विचारधारा से जुड़े वरिष्ठ नेता भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। एनएसयूआई नेतृत्व का मानना है कि यह आयोजन संगठन के विस्तार, सक्रियता और छात्र-युवा मुद्दों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।