



अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अजमेर दौरे पर रहेंगे, जहां कायड़ विश्रामस्थली में उनकी विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। देर रात तक सभा स्थल पर तैयारियां जारी रहीं और 5 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया है। जिले के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नेशनल हाईवे-8 पर किशनगढ़ से अजमेर के बीच शनिवार सुबह 6 बजे से भारी वाहनों का डायवर्जन लागू किया गया है। आमजन से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे Ajmer पहुंचेंगे। कायड़ विश्रामस्थली के समीप बनाए गए हेलीपैड पर भाजपा नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीनेशन अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मंच से लगभग 16,600 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री प्रदेश के विकास, रोजगार और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं पर भी विचार रखेंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी,भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रशासन का दावा है कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
5 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को लगाया
पीएम की सभा को देखते हुए सुरक्षा के लिए 5 हजार पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। दावा किया जा रहा है कि सभा में 36 जिलों के 2 लाख 19 हजार लोग शामिल होंगे। इनमें अजमेर से सर्वाधिक 60 हजार लोग शामिल होंगे।
पीएम मोदी करेंगे 16,686 करोड़ की लागत की 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 16,686 करोड़ की लागत की 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में लगभग 8,554 करोड़ की 34 परियोजनाएं शहरी विकास, जलदाय विभाग, पीडब्ल्यूडी, ऊर्जा, जल संसाधन एवं उद्योग से संबंधित हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा से जुड़ी करीब 8132 करोड़ की 9 प्रमुख परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
प्रधानमंत्री 4,516 करोड़ से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें लगभग 1207 करोड़ की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे, दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के पैकेज 14 सेक्शन में एनएच 76 जंक्शन से एनएच 12 पर उम्मेदपुरा गांव तक 8 लेन कैरिज-वे और प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण के कार्य शामिल हैं।
जयपुर में 286 करोड़ से अधिक की लागत के सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक एलिवेटेड रोड, जोधपुर शहर में महामंदिर से अखल्या चौराहे तक 1243 करोड़ की लागत से 4 लेन एलिवेटेड रोड एवं बारां जिले में 322 करोड़ की अनुमानित लागत के मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग का शिलान्यास भी करेंगे।
प्रधानमंत्री नोनेरा वृहद पेयजल परियोजना के 1021 करोड़ से अधिक लागत के 4 पैकेज और परवन अकावद वृहद् पेयजल परियोजना के 2247 करोड़ की लागत के 5 पैकेजों की आधारशिला रखेंगे।
बिजली के सुगम पारेषण के लिए 3616 करोड़ की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण करेंगे। साथ ही 220 केवी के पांच और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशन का शिलान्यास भी करेंगे। जोधपुर पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत संरचना और पेयजल आपूर्ति से संबंधित विभिन्न कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे प्रधानमंत्री राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे। नियुक्ति पत्र पाने वाले इन युवाओं में 3320 से अधिक पटवारी, 2291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और संविदा लेखा सहायक, 2590 पशुधन सहायक, 3822 सीएचओ, 7357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी, नर्सिंग ट्रेनर, नर्स, नर्स ग्रेड-द्वितीय सहित अन्य नियुक्तियां लैब शामिल हैं।