



बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-25 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सरवड़ी गांव के पास एक स्लीपर बस ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का ड्राइवर साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को बालोतरा के नाहटा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है, जहां उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। शाम करीब 5:15 बजे शवों को जिला अस्पताल लाया गया।
घायलों को पहले बालोतरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में 6 घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल, जोधपुर के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट जारी कर अतिरिक्त डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की तैनाती की गई है। विशेषज्ञ टीम घायलों का उपचार कर रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिन्हें पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।