



जयपुर। राजधानी जयपुर में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब राजस्थान रोडवेज की एक चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी और बाद में पूरी तरह कबाड़ में बदल गई।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान रोडवेज की बस शुक्रवार दोपहर जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड से केकड़ी के लिए रवाना हुई थी। बस जब मानसरोवर रीको चौराहे से सांगानेर की ओर बढ़ रही थी, तभी दोपहर करीब 2:40 बजे अचानक बस से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।
मानसरोवर फायर स्टेशन की फायरमैन शकुंतला सैनी ने बताया कि ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। बस में सवार सभी यात्रियों को जल्दबाजी में बाहर निकाला गया। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जो वायरिंग से होते हुए इंजन तक पहुंच गई और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही मानसरोवर फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी यात्री के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस और परिवहन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर रोडवेज बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।