Friday, 27 February 2026

जयपुर विधायक आवास में मारपीट का आरोप: NSUI प्रदेश महासचिव ने खींवसर विधायक के कार्यकर्ताओं पर दर्ज कराई FIR


जयपुर विधायक आवास में मारपीट का आरोप: NSUI प्रदेश महासचिव ने खींवसर विधायक के कार्यकर्ताओं पर दर्ज कराई FIR

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर स्थित विधायक आवास परिसर में मारपीट का मामला सामने आया है। नागौर जिले के खींवसर निवासी और एनएसयूआई प्रदेश महासचिव अनिल सारण ने खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा के कार्यकर्ताओं पर मारपीट और गाली-गलौच करने का आरोप लगाते हुए ज्योति नगर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।

पुलिस के अनुसार अनिल सारण ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह राजस्थान विधानसभा के सामने स्थित विधायक आवास में विभिन्न विधायकों से मिलने पहुंचे थे। वह किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी से मिलने के लिए बिल्डिंग में जा रहे थे। इस दौरान लिफ्ट में खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा का ड्राइवर मौजूद था, हालांकि दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई।

शिकायत के अनुसार, बाद में विधायक विकास चौधरी के विधानसभा में होने की जानकारी मिलने पर अनिल सारण भोपालगढ़ विधायक गीता बरवड से मिलने उनके फ्लैट पर चले गए। इसी दौरान उनके मोबाइल पर विधायक रेवंतराम डांगा के सोशल मीडिया इंचार्ज का व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें किसी जरूरी काम का हवाला देकर नीचे मिलने के लिए बुलाया गया।

पीड़ित का आरोप है कि जब वह बिल्डिंग के नीचे पहुंचे तो वहां पहले से 8-10 लोग मौजूद थे। उनके पास पहुंचते ही रविन्द्र डांगा, सुरेन्द्र डागा, ड्राइवर सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह हमलावरों के चंगुल से निकलकर उन्होंने अपनी जान बचाई और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

ज्योति नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts