



अजमेर में 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। सुरक्षा और यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए नेशनल हाईवे-8 सहित आसपास के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा। यह व्यवस्था 28 फरवरी की सुबह 6 बजे से प्रभावी रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभा स्थल तक आने वाले वाहनों की सुविधा के लिए कायड़ विश्राम स्थली के पास हाईवे पर विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां लगभग 10 हजार वाहनों की पार्किंग क्षमता तैयार की गई है।
डीआईजी योगेश दाधीच और अजमेर एसपी वंदिता राणा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए आमजन से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से हाईवे का उपयोग करने से बचें, ताकि सभा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भारी वाहनों को शहर क्षेत्र से दूर वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा ताकि शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
ट्रैफिक प्लान के तहत ब्यावर रोड से अजमेर-जयपुर रोड जाने वाले भारी वाहनों को मांगलियावास तिराहा से नसीराबाद रोड के रास्ते जयपुर की ओर भेजा जाएगा। वहीं ब्यावर रोड और भीलवाड़ा रोड से अजमेर आने वाले भारी वाहनों को नसीराबाद-जयपुर बाइपास दिलवाड़ी पुलिया से श्रीनगर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। किशनगढ़ बाइपास से भी जयपुर से आने वाले भारी वाहनों को नसीराबाद और श्रीनगर मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।
इसी प्रकार मकराना चौराहा, रूपनगढ़, नरैना, फरासिया फाटक, थांवला तिराहा और कडेल चौराहा सहित कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। नागौर रोड और अजमेर रोड के बीच आने-जाने वाले वाहनों को हरसौर, भकरी, बाजवास और परबतसर मार्ग से भेजा जाएगा। अजमेर शहर से जयपुर रोड की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को घूघरा गांव-लाड़पुरा मार्ग से निकाला जाएगा, जबकि भारी वाहनों को लाड़पुरा तिराहा से ब्यावर रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि सभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही घर से निकलें, जिससे असुविधा से बचा जा सके।