Thursday, 26 February 2026

6 मार्च तक तय हुआ राजस्थान विधानसभा का कार्यक्रम, डिस्टर्ब एरिया बिल सहित कई अहम विधेयकों पर होगी चर्चा


6 मार्च तक तय हुआ राजस्थान विधानसभा का कार्यक्रम, डिस्टर्ब एरिया बिल सहित कई अहम विधेयकों पर होगी चर्चा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान विधानसभा के आगामी सत्र का कामकाज 6 मार्च तक तय कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में आयोजित कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में सदन की कार्यवाही का विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित किया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा में 28 फरवरी से 4 मार्च तक अवकाश रहेगा, जबकि इसके बाद महत्वपूर्ण विधायी कार्यों को निपटाया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 5 मार्च को सदन में जन विश्वास विधेयक तथा राजस्थान दुकान एवं वाणिज्य संशोधन विधेयक पर चर्चा कर उन्हें पारित कराया जाएगा। वहीं 6 मार्च को राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित डिस्टर्ब एरिया बिल को सदन में बहस के बाद पारित किए जाने की तैयारी है। इस बिल को सरकार की प्राथमिकता वाले विधेयकों में शामिल किया गया है।

हालांकि पंचायतीराज संशोधन बिल और नगर पालिका संशोधन बिल को लेकर अभी अंतिम समय तय नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल ने इन दोनों संशोधन विधेयकों को मंजूरी दी है। इन प्रस्तावित संशोधनों के तहत दो से अधिक बच्चों वाले उम्मीदवारों पर पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव लड़ने की बाध्यता हटाने का प्रावधान किया गया है, जिसे लेकर राजनीतिक स्तर पर चर्चा तेज बनी हुई है।

विधानसभा सत्र में आगामी दिनों में कई महत्वपूर्ण विधायी प्रस्तावों, संशोधन विधेयकों और प्रशासनिक विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार जहां विकास और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष भी विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।

Previous
Next

Related Posts