Sunday, 22 March 2026

अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस विधायकों का पैदल मार्च, विधानसभा के बाहर की नारेबाजी


अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस विधायकों का पैदल मार्च, विधानसभा के बाहर की नारेबाजी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान विधानसभा सत्र के दौरान गुरुवार सुबह कांग्रेस विधायकों ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में अपने विधायक आवास से विधानसभा भवन तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर देश के आर्थिक और कृषि हितों से समझौता करने का आरोप लगाया। मार्च में शामिल विधायकों ने विधानसभा परिसर पहुंचकर सीढ़ियों के बाहर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अमेरिका के साथ होने वाली ट्रेड डील में भारत के किसानों और डेयरी क्षेत्र के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में विदेशी कृषि और डेयरी उत्पादों को भारतीय बाजार में प्रवेश दिया जा सकता है, जिससे देश के किसानों और दुग्ध उत्पादकों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

कांग्रेस विधायकों का कहना था कि भारत जैसे कृषि प्रधान देश में किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते से पहले किसानों की आर्थिक सुरक्षा और स्थानीय उत्पादन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि ट्रेड डील की शर्तों को सार्वजनिक किया जाए और संसद व राज्यों से व्यापक चर्चा के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के हितों की अनदेखी की गई तो पार्टी प्रदेश और देश स्तर पर आंदोलन को और तेज करेगी। विधानसभा परिसर में कुछ समय तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा, जिसके बाद विधायक सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे।

Previous
Next

Related Posts