



राजस्थान में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। इस सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 4 करोड़ 2 लाख 20 हजार 734 मतदाता पंचायत चुनाव में मतदान के लिए पात्र होंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं और अगले महीने चुनाव कराए जाने की संभावना है। प्रदेश में 41 जिला परिषद, 457 पंचायत समितियों तथा 14 हजार 403 ग्राम पंचायतों में चुनाव आयोजित किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची 29 जनवरी 2026 को प्रकाशित की गई थी, जिसमें कुल 3 करोड़ 96 लाख 47 हजार 166 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद प्राप्त आपत्तियों और सुझावों के निस्तारण के दौरान मतदाता सूची में संशोधन किया गया। अंतिम प्रकाशन तक 13 लाख 66 हजार 435 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि 7 लाख 92 हजार 867 नाम हटाए गए। इस प्रक्रिया के बाद कुल मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 73 हजार 568 की वृद्धि दर्ज की गई है।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार बांसवाड़ा जिले में मतदाताओं की संख्या में सबसे अधिक 4.55 प्रतिशत वृद्धि हुई है, जबकि फलोदी जिले में 4.46 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके विपरीत टोंक जिले में मात्र 0.04 प्रतिशत और श्रीगंगानगर जिले में 0.19 प्रतिशत मतदाताओं की वृद्धि हुई, जो प्रदेश में सबसे कम रही।
जयपुर जिले में पंचायत चुनावों के लिए मतदाताओं की संख्या विशेष रूप से उल्लेखनीय है। यहां 22 पंचायत समितियों के अंतर्गत लगभग 18.91 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। जिले की कुल 597 ग्राम पंचायतों में चुनाव आयोजित होंगे, जिनका कार्यकाल पूर्ण हो चुका है। चुनाव आयोग द्वारा अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद अब निर्वाचन प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं। पंचायत चुनाव ग्रामीण लोकतंत्र की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार माने जाते हैं और बड़ी संख्या में मतदाताओं की भागीदारी से स्थानीय शासन व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।