



जयपुर की मानसरोवर स्थित पत्रकार कॉलोनी सहित आसपास की दर्जनों कॉलोनियों के लिए लंबे समय से लंबित सीवरेज समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा कॉलोनी में सीवर लाइन डालने के लिए आधिकारिक वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और पत्रकार कॉलोनी विकास समिति ने इसे अपने लगातार प्रयासों की बड़ी सफलता बताया है।
पत्रकार कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष अजीत तिवारी, महासचिव नरेंद्र सर्वोदयी और संरक्षक श्याम सुंदर शर्मा सहित समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। समिति के महासचिव नरेंद्र सर्वोदयी ने बताया कि क्षेत्र को सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने के लिए स्वर्ण विहार में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण कार्य पहले से प्रगति पर है। इस परियोजना के तहत महिमा एलेन्जा से मुहाना और इस्कॉन मंदिर क्षेत्र तक की अनेक कॉलोनियों को सीवर लाइन के माध्यम से स्वर्ण विहार स्थित ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जाएगा।
परियोजना में पत्रकार कॉलोनी, सीताराम विहार, रादूराम नगर, महाराजा किशन सिंह नगर, गुलाब विहार सहित दर्जनों आवासीय क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। जेडीए के अधिशासी अभियंता दिलीप लाम्बा के अनुसार पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 78 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसमें करीब 54 करोड़ रुपये केवल सीवर लाइन बिछाने पर खर्च किए जाएंगे। सीवर कार्य पूर्ण होने के बाद प्रभावित सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण भी कराया जाएगा।
परियोजना का कार्य मार्च माह से प्रारंभ कर सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्य का ठेका जिनीयस इंफा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। पत्रकार कॉलोनी विकास समिति पिछले तीन वर्षों से लगातार मुख्यमंत्री और जेडीए अधिकारियों से मिलकर सीवर लाइन स्वीकृति के लिए प्रयासरत थी। समिति के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप एक वर्ष पूर्व स्वर्ण विहार में ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण के लिए सरकार द्वारा बजट स्वीकृत किया गया था, जिसके बाद अब सीवर लाइन के वर्क ऑर्डर जारी हुए हैं।
वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद कॉलोनी में उत्साह और संतोष का वातावरण है। समिति के उपाध्यक्ष डॉ. जे.पी. गुप्ता, बी.एस. गुप्ता, मदन जैन, गोविंद गोयल, पुष्पा शर्मा, बबीता शर्मा, रतिराम, सुनील खंडेलवाल, राकेश गोयल तथा प्रो. सुधीर सोनी सहित अनेक स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
