



राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ को बुधवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। हाईकोर्ट प्रशासन को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल में कोर्ट परिसर को खाली करने की चेतावनी दी गई थी। मेल में लिखा गया था कि सुबह 11 बजे तक हाईकोर्ट खाली कर दिया जाए, अन्यथा दोपहर 1:30 बजे परिसर में 18 बम धमाके किए जाएंगे। धमकी भरा ई-मेल जजों और कोर्ट स्टाफ के नाम भेजा गया था, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
धमकी की सूचना मिलते ही हाईकोर्ट प्रशासन ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया। पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर पूरे हाईकोर्ट परिसर की सघन तलाशी अभियान चलाया। कोर्ट रूम, जजों के चैंबर, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के सभी संवेदनशील स्थानों की जांच की गई। कई घंटों तक चली तलाशी के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
बताया जा रहा है कि राजस्थान हाईकोर्ट को पिछले वर्ष 31 अक्टूबर से अब तक कुल 11 बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हर बार जांच में ये धमकियां फर्जी साबित हुई हैं, लेकिन लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। बार-बार मिल रही धमकियों के कारण कई बार अदालत की कार्यवाही कुछ समय के लिए प्रभावित भी होती रही है।
फरवरी महीने में ही यह पांचवीं बार है जब हाईकोर्ट को धमकी मिली है। इससे पहले 6 फरवरी को पहली बार ई-मेल आया था, जबकि 17, 19 और 20 फरवरी को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार मिल रहे ई-मेल को देखते हुए साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां धमकी भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई हैं।
हालांकि इस बार प्रशासन की सतर्कता के कारण न्यायिक कार्य प्रभावित नहीं हुआ। हाईकोर्ट प्रशासन को धमकी भरा ई-मेल सुबह जल्दी मिल गया था, जिसके चलते अदालत शुरू होने से पहले ही सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई। इसके बाद सभी कोर्ट निर्धारित समय सुबह 10:30 बजे से सामान्य रूप से संचालित हुईं और सुनवाई नियमित रूप से जारी रही।
सुरक्षा एजेंसियां अब ई-मेल के स्रोत का तकनीकी विश्लेषण कर रही हैं और लगातार मिल रही धमकियों को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।