



नई दिल्ली में एनएसयूआई के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी राहुल गांधी से सोमवार को शिष्टाचार भेंट कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की तथा आगामी 28 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए उन्हें औपचारिक आमंत्रण दिया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राहुल गांधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने एक साधारण और गरीब परिवार से जुड़े कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
भेंट के दौरान एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि यह दायित्व केवल संगठनात्मक पद नहीं बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और छात्रहित की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई देशभर के युवाओं और विद्यार्थियों की आवाज़ को मजबूत करने के लिए कार्य करेगी तथा शिक्षा, रोजगार, समान अवसर और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व, वैचारिक स्पष्टता और संघर्षशील राजनीति से उन्हें निरंतर प्रेरणा मिलती रही है। उनके मार्गदर्शन में संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और व्यापक जनसंपर्क के माध्यम से मजबूत किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि एनएसयूआई आने वाले समय में युवाओं को संगठित कर लोकतांत्रिक भागीदारी को और सशक्त बनाएगी।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने राहुल गांधी द्वारा जताए गए विश्वास और स्नेह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता मिलकर युवाओं के सपनों को साकार करने और देशहित में सकारात्मक राजनीतिक संवाद को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित रहेगा।