Saturday, 29 August 2026

राजस्थान में 21 IPS अफसरों के तबादले, जोधपुर कमिश्नर बदला


राजस्थान में 21 IPS अफसरों के तबादले, जोधपुर कमिश्नर बदला

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर कार्मिक विभाग ने सोमवार देर रात को पुलिस विभाग में बड़ा फिर बदला करते हुए 21 भारतीय पुलिस सेवा अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन आदेश जारी किए हैं। इनमें से अधिकांश अधिकारियों को हाल ही में मिले प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में जोधपुर पुलिस कमिश्नर और पुलिस रेंज स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर कार्मिक विभाग ने जोधपुर पुलिस कमिश्नर और जयपुर के स्पेशल पुलिस कमिश्नर को बदल दिया है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के आईजी शरत कविराज को जोधपुर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है। वहीं वर्तमान जोधपुर पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश को जयपुर का स्पेशल पुलिस कमिश्नर बनाया है। जयपुर के स्पेशल पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश को जयपुर रेंज का नया आईजी नियुक्त किया है।

प्रदेश के प्रमुख पुलिस रेंजों में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा रेंज में नए आईजी लगाए गए हैं। सत्येंद्र सिंह को आईजी (सीआईडी सीबी) से जोधपुर रेंज आईजी बनाया गया है, जबकि ओम प्रकाश-2 को पुलिस आर्म्ड बटालियन से बीकानेर रेंज आईजी पद पर भेजा गया है। बीकानेर रेंज के आईजी हेमंत कुमार शर्मा को आईजी एससीआरबी जयपुर लगाया गया है तथा अजय पाल लांबा को एससीआरबी से आईजी एसओजी जयपुर नियुक्त किया गया है।

प्रमोशन के बाद वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी दी गई हैं। एडीजी क्राइम ब्रांच हवा सिंह घुमरिया को एडीजी मुख्यालय, विपिन कुमार पांडे को एडीजी पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड तथा मुख्यालय से एडीजी क्राइम ब्रांच राजस्थान बनाया गया है। प्रफुल्ल कुमार को आईजी इंटेलीजेंस से पदोन्नत कर एडीजी इंटेलीजेंस बनाया गया है। जयपुर रेंज के आईजी राघवेंद्र सुवासा को प्रमोशन के बाद एडीजी ट्रेनिंग पद पर भेजा गया है।

जोधपुर रेंज की आईजी राजेश मीणा को आईजी होमगार्ड जयपुर लगाया गया है, जबकि एस. परिमल को आईजी कार्मिक पुलिस मुख्यालय से आईजी एसीबी नियुक्त किया गया है। आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की जिम्मेदारी संभाल रहे आईजी विकास कुमार से एटीएस का अतिरिक्त प्रभार वापस लेते हुए उन्हें केवल आईजी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का दायित्व दिया गया है। एटीएस की जिम्मेदारी अब राजेश सिंह को सौंपी गई है।

कार्मिक विभाग ने सत्येंद्र कुमार को आईजी एससीआरबी से राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसपोर्टेशन एंड इनोवेशन (RITI) जयपुर का सीईओ बनाया गया है, जो सामान्यतः प्रशासनिक (IAS) स्तर की जिम्मेदारी मानी जाती है। प्रीति चंद्र को आईजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशासन जयपुर, हरेंद्र कुमार महावर को आईजी सीआईडी सीबी, राहुल कोटकी को आईजी कार्मिक पुलिस मुख्यालय तथा कालूराम रावत को आईजी पुलिस सिविल राइट्स एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग जयपुर नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार के इस व्यापक फेरबदल को पुलिस प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने, कानून-व्यवस्था मजबूत करने और नई रणनीतिक प्राथमिकताओं के अनुरूप माना जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts