



जोधपुर। बोरानाडा थाना क्षेत्र के पाल स्थित आरती नगर आश्रम में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने इंजेक्शन लगाने वाले कम्पाउण्डर को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ करने के बाद जमानती अपराध होने के कारण उसे जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया है। फिलहाल पुलिस उसकी नर्सिंग योग्यता और डिग्री की जांच कर रही है तथा जांच में अनियमितता सामने आने पर आगे कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
सहायक पुलिस आयुक्त (पश्चिम) छवि शर्मा ने बताया कि इस मामले में मथुरादास माथुर अस्पताल से जुड़े नर्सिंग कर्मचारी देवीसिंह राजपुरोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उसका जमानत मुचलका और बंध पत्र भरवाकर उसे छोड़ दिया गया। पुलिस ने उसे मामले में चालान पेश होने के समय अदालत में उपस्थित रहने के लिए पाबंद किया है।
जानकारी के अनुसार 28 जनवरी को आरती नगर स्थित आश्रम में साध्वी प्रेम बाईसा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। शाम करीब पांच बजे कम्पाउण्डर देवीसिंह को आश्रम बुलाया गया, जहां उसने डेक्सोना और डायनापार नामक दो इंजेक्शन एक ही सीरिंज में भरकर साध्वी को लगा दिए। इंजेक्शन लगाने के करीब बीस मिनट बाद उनकी हालत और गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें पाल रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट में साध्वी की मृत्यु का कारण अस्थमा के दौरान कार्डियक अरेस्ट बताया गया था। हालांकि इंजेक्शन के प्रभाव और संभावित रिएक्शन को लेकर पुलिस ने विशेषज्ञों से दोबारा राय मांगी थी। नई चिकित्सकीय राय में इंजेक्शन के कारण मृत्यु होने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया गया, जिसके आधार पर 17 फरवरी को कम्पाउण्डर के खिलाफ उपेक्षापूर्ण कृत्य से मृत्यु कारित करने का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। कम्पाउण्डर देवीसिंह से पांच बार पूछताछ की जा चुकी है। उससे नर्सिंग डिग्री व दस्तावेज भी मांगे गए हैं। संभवत: अगले सप्ताह जांच पूरी कर उसके खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया जा सकता है।
पुलिस अब कम्पाउण्डर की शैक्षणिक योग्यता, इंजेक्शन देने की वैधानिक पात्रता और उपचार प्रक्रिया की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद दोष सिद्ध होने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी संवेदनशीलता बनी हुई है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।