Friday, 20 February 2026

राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर बेंच को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी के बाद सुनवाई शुरू


राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर बेंच को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी के बाद सुनवाई शुरू

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए ई-मेल में दावा किया गया कि हाईकोर्ट परिसर में आरडीएक्स बम प्लांट किए गए हैं और दोपहर 12 बजे तक परिसर खाली कराने की चेतावनी दी गई। साथ ही ई-मेल में भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के प्रस्तावित जयपुर दौरे को रद्द कराने की बात भी लिखी गई थी।

धमकी मिलने के तुरंत बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वायड और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे हाईकोर्ट परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा जांच के दौरान कोर्ट परिसर के हर हिस्से की जांच की गई, हालांकि तलाशी में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सुरक्षा एजेंसियों की क्लियरेंस के बाद करीब आधे घंटे की देरी से सुबह 11 बजे अदालत की कार्यवाही शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार 31 अक्टूबर के बाद यह राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर बेंच को मिली बम धमकी की दसवीं घटना है। लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इससे एक दिन पहले भी हाईकोर्ट को इसी प्रकार की धमकी मिली थी, जिसके बाद पूरे परिसर की जांच की गई थी, लेकिन उस समय भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला था।

गौरतलब है कि शुक्रवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत जयपुर दौरे पर आने वाले हैं, जहां वे साइबर सिक्योरिटी से जुड़े एक महत्वपूर्ण सेमिनार का उद्घाटन करेंगे। सीजेआई के दौरे को देखते हुए हाईकोर्ट और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी की गई थी। लगातार मिल रही धमकियों के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts