



जयपुर। राजस्थान की प्रसिद्ध फूड चेन कान्हा रेस्टोरेंट पर आयकर विभाग की कार्रवाई दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रही। बुधवार सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई यह छापेमारी राज्य सहित देश के विभिन्न शहरों में कुल 33 ठिकानों पर की जा रही है। आयकर विभाग की टीम अब तक कार्रवाई के दौरान करीब 50 लाख रुपए नकद बरामद कर चुकी है, वहीं 8 बैंक लॉकर भी चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें जल्द खुलवाकर उनकी विस्तृत जांच की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार सबसे अधिक 26 ठिकानों पर जयपुर में जांच चल रही है। इसके अलावा उदयपुर, श्रीगंगानगर, करौली, कोटा, हिंडौन और मुंबई में भी रेस्टोरेंट समूह से जुड़े कार्यालयों और व्यावसायिक परिसरों पर आयकर विभाग की टीमें जांच में जुटी हैं।
जयपुर के आमेर स्थित होटल ताज और कूकस स्थित कुंदन वन में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ये दोनों आलीशान होटल कान्हा रेस्टोरेंट समूह की संपत्तियों से जुड़े हुए हैं।
आयकर विभाग की टीमों ने कार्रवाई के दौरान मिले 8 बैंक लॉकरों को सील कर दिया है। इन्हें खोलकर अंदर रखी संपत्तियों और दस्तावेजों का मूल्यांकन कराया जाएगा। अधिकारियों द्वारा बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन, कैश लेनदेन और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है।
छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक डेटा भी जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग को वित्तीय लेनदेन और आय-व्यय से जुड़े मामलों में संभावित अनियमितताओं की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह व्यापक कार्रवाई की गई। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक टैक्स देनदारी और संभावित गड़बड़ियों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
राजस्थान की प्रमुख मिठाई एवं रेस्टोरेंट चेन पर हुई इस बड़ी कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। आयकर विभाग की टीमों की कार्रवाई अभी जारी है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े नए खुलासे सामने आने की संभावना जताई जा रही है।