



जयपुर/शाहपुरा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर बुधवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने हाइड्रोजन पेरोक्साइड से भरे टैंकर को टक्कर मार दी, जिससे टैंकर पलट गया और केमिकल का रिसाव शुरू हो गया। हादसा शाहपुरा क्षेत्र में आंतेला पुलिया के पास शिवा ढाबा के सामने रात करीब 9:15 बजे हुआ।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर लीक हो गया और हाइड्रोजन पेरोक्साइड का रिसाव होने लगा। कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुआं फैल गया और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दिल्ली-जयपुर रोड से आ रहे ट्रेलर चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। टक्कर के बाद टैंकर पलट गया और केमिकल सड़क पर फैलने लगा।
सूचना मिलते ही शाहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही शाहपुरा, पावटा और विराटनगर से दमकल की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पावटा अग्निशमन प्रभारी धर्मेंद्र यादव के अनुसार, दमकलकर्मियों ने रिसाव को नियंत्रित करने और केमिकल को हटाने का काम शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को आंशिक रूप से बहाल किया जा सका। पलटे टैंकर को सीधा कर दिया गया, लेकिन गैस का रिसाव कुछ समय तक जारी रहा, जिससे आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बरती गई।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने यातायात को डायवर्ट किया और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। देर रात तक प्रशासन और राहत दल मौके पर मौजूद रहे। हाइड्रोजन पेरोक्साइड जैसे रासायनिक पदार्थ के रिसाव को गंभीर माना जाता है, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को दूरी बनाए रखने की सलाह दी।