



जयपुर। जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल (एसएमएस) में बुधवार को हुई बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। ट्रोमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर स्थित ऑपरेशन थिएटर के पास बने वेटिंग वार्ड में पानी भर जाने से अफरा-तफरी मच गई। स्थिति ऐसी बनी कि 3 मरीजों को बिना ऑपरेशन किए ही वापस भेजना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे जयपुर के कई इलाकों में बारिश हुई। इसी दौरान एसएमएस ट्रोमा सेंटर की बिल्डिंग में ओटी के पास बने मरीजों के वेटिंग एरिया में पहले फॉल सीलिंग से पानी टपकना शुरू हुआ। देखते ही देखते कई जगहों से तेज धार के साथ पानी बहने लगा। कुछ ही मिनटों में वार्ड के फर्श पर पानी भर गया। मरीजों और उनके परिजनों ने भीगने से बचने के लिए ट्रॉली और बेड इधर-उधर खींचे। कई लोग अपने सामान को सुरक्षित रखने की कोशिश करते नजर आए।
वार्ड में पानी भरने और अव्यवस्था के कारण 3 मरीजों को बिना ऑपरेशन किए वापस भेज दिया गया। मरीजों और परिजनों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन आरोप है कि मौके पर मौजूद पैरामेडिकल और मेडिकल स्टाफ ने उन्हें डांटकर भगा दिया। इस घटना से अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं, खासकर तब जब एसएमएस प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है और यहां दूर-दराज के जिलों से भी मरीज इलाज के लिए आते हैं।
ट्रोमा सेंटर जैसे संवेदनशील विभाग में पानी भरना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। बारिश के दौरान छत से पानी रिसने और वेटिंग एरिया में जलभराव की घटना ने भवन की गुणवत्ता और रखरखाव पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटना के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मरीजों में नाराजगी है।