Sunday, 22 February 2026

जयपुर में ‘भारत विस्तार’ की लॉन्चिंग, शिवराज सिंह चौहान का राहुल गांधी पर तीखा हमला, कहा पार्ट टाइम पॉलिटिशियन और फुल टाइम ड्रामेबाज, किसानों के लिए एआई आधारित नई पहल


जयपुर में ‘भारत विस्तार’ की लॉन्चिंग, शिवराज सिंह चौहान का राहुल गांधी पर तीखा हमला, कहा पार्ट टाइम पॉलिटिशियन और फुल टाइम ड्रामेबाज, किसानों के लिए एआई आधारित नई पहल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर के दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंध संस्थान में आयोजित ‘भारत विस्तार’ कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को “पार्ट टाइम पॉलिटिशियन और फुल टाइम ड्रामेबाज” बताते हुए कहा कि उनका काम झूठ बोलना और भ्रम फैलाना है। चौहान ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को ट्रेड, ट्रेडिशन और टेक्नोलॉजी की समझ नहीं है और वे संसद में गलत जानकारी फैला रहे हैं।

एमएसपी और स्वामीनाथन आयोग पर घेरा

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सवाल उठाया कि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर एमएसपी तय करने का निर्णय यूपीए सरकार ने क्यों नहीं लिया। उन्होंने कहा कि उस समय संसद में इसे असंभव बताया गया था, जबकि यह कदम केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू किया गया।

चीनी आयात-निर्यात और अनाज मुद्दे पर आरोप

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि यूपीए सरकार के दौरान रिकॉर्ड उत्पादन के बावजूद चीनी का बफर स्टॉक नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि उस समय 36 रुपए किलो के भाव से चीनी आयात और लगभग 12.50 रुपए किलो के भाव से निर्यात किया गया, जिससे किसानों को नुकसान हुआ। 2009-10 में महंगाई के बावजूद आटा और अनाज निर्यात पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस शासन में गोदामों में अनाज सड़ता रहा, जिस पर सुप्रीम कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके विपरीत मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया।

व्यापार समझौतों पर सफाई

अमेरिका सहित अन्य देशों के साथ हुए व्यापार समझौतों को लेकर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये पूरी तरह किसानों के हित में हैं। गेहूं, चावल और मक्का जैसे प्रमुख अनाज के आयात की अनुमति नहीं दी गई है। सेब आयात को लेकर उन्होंने कहा कि भारत पहले से करीब 5 लाख मीट्रिक टन सेब आयात करता है, इसलिए तुर्की की जगह अमेरिका से आयात होने पर कोई नुकसान नहीं है। न्यूनतम आयात मूल्य और शुल्क पहले से निर्धारित हैं।

‘भारत विस्तार’ से किसानों को तकनीकी सशक्तिकरण

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ‘भारत विस्तार’ किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली पहल है। इससे किसानों को नई तकनीक अपनी भाषा में समझने में मदद मिलेगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित किसान जरूरी है।

राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि ‘भारत विस्तार’ और ‘एआई फॉर ऑल’ प्लेटफॉर्म के जरिए किसान कॉल, चैटबॉट और मोबाइल से विभिन्न भाषाओं में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसमें मौसम पूर्वानुमान, रियल टाइम मंडी भाव, वैज्ञानिक खेती सलाह, फसल बीमा, ऋण जानकारी और शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने नकली खाद-बीज के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए बताया कि 11,826 निरीक्षण किए गए और 105 एफआईआर दर्ज की गई हैं।

भारत विस्तार की प्रमुख विशेषताएं

  • एग्रीस्टेक और आईसीएआर संसाधनों के साथ एकीकरण

  • वैज्ञानिक खेती सलाह

  • रियल टाइम मंडी भाव

  • मौसम पूर्वानुमान

  • फसल बीमा व ऋण जानकारी

  • सरकारी योजनाओं का मार्गदर्शन

  • शिकायत दर्ज करने की सुविधा

कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, सांसद मंजू शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, केन्द्रीय कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी, केन्द्रीय अतिरिक्त कृषि सचिव प्रमोद कुमार मेहरड़ा, प्रमुख शासन सचिव कृषि श्रीमती मंजू राजपाल सहित कृषि विभाग के अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पदाधिकारी, कृषि विपणन बोर्ड, केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालयों, राजस्थान के पंचायत समिति कार्यालयों एवं कृषि मंडियों सहित अन्य कृषि से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा देशभर के किसान जुड़े।

Previous
Next

Related Posts