



जयपुर। वीकेंड पर जयपुर खेल और मनोरंजन जगत की चर्चित हस्तियों की मौजूदगी से गुलजार रहा। धार्मिक दर्शन, लाइव कॉन्सर्ट और निजी कार्यक्रमों के चलते शहर में अलग ही रौनक देखने को मिली। सितारे अपने-अपने कार्यक्रमों के बाद अलग-अलग डेस्टिनेशन के लिए रवाना हुए, लेकिन जाने से पहले फैंस को यादगार पल देकर गए।
बॉलीवुड की पावरफुल वॉइस कही जाने वाली सुनिधि चौहान ने शनिवार रात जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में ऐसा समां बांधा कि हजारों दर्शक देर रात तक झूमते रहे। करीब तीन घंटे चली इस लाइव परफॉर्मेंस में सुनिधि ने अपने सुपरहिट बॉलीवुड गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।
उनकी दमदार आवाज, ऊर्जा से भरपूर स्टेज प्रेजेंस और दर्शकों से सीधा संवाद कार्यक्रम की खास पहचान रहा। मोबाइल फ्लैशलाइट्स की चमक और तालियों की गूंज ने जेईसीसी को एक विशाल म्यूजिक एरीना में बदल दिया। हर गाने के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया और माहौल देर रात तक संगीत के रंग में डूबा रहा।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक ओपनिंग बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग ने सीकर स्थित प्रसिद्ध खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन किए। धार्मिक यात्रा के बाद वे रविवार सुबह जयपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां वे अपने परिवार के साथ महत्वपूर्ण क्रिकेट मुकाबला देखने वाले हैं।
एयरपोर्ट पर सहवाग बेहद उत्साहित नजर आए। फैंस से बातचीत के दौरान उनका वही आत्मविश्वासी और बेफिक्र अंदाज देखने को मिला, जिसके लिए वे मैदान पर मशहूर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली रोड पर उन्होंने अपने फार्म हाउस के लिए जमीन भी ली है, जिससे जयपुर से उनका विशेष जुड़ाव बना हुआ है।
टीवी और फिल्म अभिनेता करण कुंद्रा शनिवार देर रात जयपुर के एक निजी क्लब इवेंट में शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद वे रविवार सुबह मुंबई के लिए रवाना हो गए। इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और शादी की चर्चाओं को लेकर सुर्खियों में चल रहे करण ने एयरपोर्ट पर भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अपना उत्साह भी जाहिर किया।
उनकी मौजूदगी ने क्लब इवेंट में अलग ही ग्लैमर जोड़ दिया और फैंस ने उनके साथ सेल्फी लेकर यादगार पल संजोए।