



जयपुर। मानसरोवर स्थित पत्रकार कॉलोनी के तिकोना पार्क में रविवार (15 फरवरी) सुबह करीब 8:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नशे में धुत युवक ने तेज गति से कार चलाते हुए पार्क की दीवार, रेलिंग और फाटक को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार और आसपास की संरचना को गंभीर नुकसान पहुंचा।
बताया जा रहा है कि संबंधित युवक मकान नंबर 338 में अवैधानिक रूप से संचालित हो रहे पीजी हॉस्टल में रहता है। घटना के समय तिकोना पार्क में कॉलोनी के निवासी श्रमदान कर रहे थे। मौके पर पत्रकार कॉलोनी के संरक्षक वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। अचानक हुई इस घटना से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद युवक ने अपने कुछ बाहरी साथियों को बुलाकर कॉलोनीवासियों को धमकाने का प्रयास किया। इस पर पत्रकार कॉलोनी के अध्यक्ष अजीत तिवारी और अन्य निवासियों ने कड़ा विरोध जताया। कॉलोनीवासियों ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तिकोना पार्क जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) के अधीन आता है। कॉलोनीवासियों ने पार्क की दीवार, रेलिंग और फाटक को तत्काल ठीक कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित युवक को चेतावनी दी गई है कि यदि क्षतिग्रस्त संरचना की मरम्मत शीघ्र नहीं कराई गई तो उसके खिलाफ विधिसम्मत पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस की पीसीआर टीम ने संबंधित युवक और प्लॉट नंबर 338 के मकान मालिक को स्पष्ट निर्देश दिए कि पार्क की दीवार, रेलिंग और दरवाजे की मरम्मत तुरंत कराई जाए। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि यदि निर्देशों की अवहेलना की गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से अवैधानिक रूप से संचालित पीजी हॉस्टल की भी जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।