


श्रीगंगानगर जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक (सीआई) ज्योति नायक की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 4 बजे पायल थियेटर रोड स्थित दुर्गा मंदिर चौराहे के पास हुआ। रात की गश्त पर निकली उनकी पुलिस जीप को हरियाणा नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार सीआई ज्योति नायक पूरी रात गश्त पर तैनात थीं। वे किसान चौक से चेकिंग करते हुए रमेश चौक की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पायल थियेटर की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी जीप को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस जीप पलट गई और सीआई ज्योति नायक वाहन के नीचे दब गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर खून के निशान और गाड़ियों के टूटे हिस्से बिखरे पड़े थे।
हादसे में एक अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार चालक, जो खाजूवाला इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है, उसे भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है।
शहर कोतवाल पृथ्वीपाल सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार इस हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है। हादसे की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. अमृता दुहन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि वाहन कितनी रफ्तार में था और क्या चालक ने ट्रैफिक नियमों की अनदेखी की थी।
सीआई ज्योति नायक को एक जुझारू और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाना जाता था। वे पूर्व मंत्री दुलाराम जी की पोती और पूर्व विधायक दौलतराज नायक की भांजी थीं। उनकी असमय मृत्यु से पुलिस विभाग और स्थानीय समाज में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस परिवार और शहरवासियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सीसीटीवी फुटेज
— Rajesh Kumar (Rahul) (@therajeshjrnlst) February 11, 2026
सड़क हादसे में महिला थाना प्रभारी CI ज्योति नायक की मौत, 2 पुलिसकर्मी घायल#sriganganagar #hanumangarh pic.twitter.com/pto7SxDf33