Tuesday, 10 February 2026

5 साल बाद पिता-पुत्र की साथ तस्वीर, विश्वेन्द्र सिंह और अनिरुद्ध सिंह के रिश्तों में सुलह के संकेत


5 साल बाद पिता-पुत्र की साथ तस्वीर, विश्वेन्द्र सिंह और अनिरुद्ध सिंह के रिश्तों में सुलह के संकेत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

भरतपुर। भरतपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और पूर्व मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने करीब पांच साल बाद अपने बेटे युवराज अनिरुद्ध सिंह के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद लंबे समय से चले आ रहे पिता-पुत्र के विवाद के खत्म होने और रिश्तों में सुलह की अटकलें तेज हो गई हैं।

विश्वेन्द्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा— “आज जवाहर रिजॉर्ट में बहुत दिनों बाद मेरे बेटे युवराज अनिरुद्ध भरतपुर से सुखद मुलाकात हुई।” वहीं अनिरुद्ध सिंह ने भी उसी मुलाकात से जुड़ा एक हल्का-फुल्का पोस्ट साझा करते हुए लिखा— “मुझे कॉफी पीने का शौक है। पिताजी ने नई कॉफी मशीन खरीदी है। मैं कॉफी पीने चला गया।” दोनों की पोस्ट्स को सोशल मीडिया पर काफी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।

गौरतलब है कि विश्वेन्द्र सिंह और अनिरुद्ध सिंह के बीच बीते लगभग पांच वर्षों से पारिवारिक और सार्वजनिक मतभेद चर्चा में रहे हैं। इन मतभेदों के कारण दोनों एक-दूसरे से सार्वजनिक रूप से दूर नजर आ रहे थे। ऐसे में अब एक साथ तस्वीर और सौहार्दपूर्ण संदेशों ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में यह संकेत दिया है कि रिश्तों में बर्फ पिघल सकती है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात केवल पारिवारिक नहीं, बल्कि भविष्य में सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव का संकेत हो सकती है। फिलहाल दोनों की यह साझा मौजूदगी भरतपुर और राजस्थान की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है।

    Previous
    Next

    Related Posts