Tuesday, 10 February 2026

जोधपुर एयरपोर्ट पर वसुंधरा राजे–गजेंद्र सिंह शेखावत साथ दिखे, सियासी चर्चाएं तेज, समर्थकों ने लगाए नारे


जोधपुर एयरपोर्ट पर वसुंधरा राजे–गजेंद्र सिंह शेखावत साथ दिखे, सियासी चर्चाएं तेज, समर्थकों ने लगाए नारे

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जोधपुर। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मंगलवार दोपहर जोधपुर पहुंचीं। संयोग से उसी फ्लाइट में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी सवार थे। जैसे ही दोनों एयरपोर्ट से एक साथ बाहर निकले, सियासी हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। बाहर निकलते ही वसुंधरा राजे के समर्थन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी, जबकि गजेंद्र सिंह शेखावत वहां से अलग वाहन में सवार होकर रवाना हो गए।

एयरपोर्ट परिसर में जब पत्रकारों ने विकास कार्यों से जुड़े सवाल वसुंधरा राजे से किए, तो उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि यह सवाल गजेंद्र सिंह शेखावत से किया जाना चाहिए। जब लोगों ने कहा कि वे तो जा चुके हैं, तो राजे ने हल्के अंदाज में कहा—“हम पकड़े गए।” इसके बाद वे बिना कोई औपचारिक बयान दिए कार में बैठकर रवाना हो गईं। उनके इस जवाब और अंदाज को लेकर भी राजनीतिक हलकों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

एयरपोर्ट पर मौजूद रहते हुए वसुंधरा राजे को यह जानकारी मिली कि असंत अग्र मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्रदास महाराज भी वहीं से प्रस्थान करने वाले हैं। इस पर उन्होंने संतों से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद राजे सड़क मार्ग से जालोर जिले के आहोर रवाना हुईं, जहां वे विधायक छगनसिंह राजपुरोहित के परिवार में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होंगी।

इस दौरान पाली से पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, ओमप्रकाश दहिया, नरेश सुराणा, घनश्याम वैष्णव सहित कई भाजपा नेता भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि वसुंधरा राजे दिल्ली से फ्लाइट के जरिए जोधपुर पहुंचीं और यहां से सड़क मार्ग से जालोर के लिए रवाना हुईं।

Previous
Next

Related Posts