Monday, 09 February 2026

इंडिया स्टोनमार्ट 2026 से राजस्थान की स्टोन इंडस्ट्री को वैश्विक पहचान: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे


इंडिया स्टोनमार्ट 2026 से राजस्थान की स्टोन इंडस्ट्री को वैश्विक पहचान: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट जैसे आयोजन राजस्थान की स्टोन इंडस्ट्री को वैश्विक मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राजस्थान, नवाचार, आधुनिक तकनीक और सस्टेनेबिलिटी के माध्यम से स्टोन सेक्टर में विश्व नेतृत्व की क्षमता रखता है। ऐसे आयोजन न केवल रोजगार सृजन को बढ़ावा देते हैं, बल्कि निर्यात को भी नई दिशा देते हैं।

सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इंडिया स्टोनमार्ट 2026 प्रदर्शनी का चार दिवसीय आयोजन रविवार को संपन्न हुआ। यह अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी सीडॉस, लघु उद्योग भारती और रीको के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। समापन समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

नई तकनीक और आधुनिक मशीनरी को मिली सराहना

समारोह के दौरान देश-विदेश से आए उद्योग प्रतिनिधियों और आगंतुकों ने प्रदर्शनी में प्रस्तुत नई तकनीकों, अत्याधुनिक मशीनरी और विविध स्टोन उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर राज्यपाल ने विभिन्न श्रेणियों में कुल 36 श्रेष्ठ स्टॉलों, हस्तशिल्प कलाकारों और संस्थानों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

श्रेष्ठ स्टॉल पुरस्कार विजेताओं को सम्मान

पुरस्कार वितरण समारोह में ‘श्रेष्ठ ओवरऑल डिस्प्ले’ के लिए सुजुकी इंडिया को सम्मानित किया गया। इंडोर स्टोन डिस्प्ले श्रेणी में आरएसजी स्टोन एवं एयूएम इंडस्ट्री को पुरस्कार मिले, जबकि स्टोन आर्ट प्रोडक्ट्स श्रेणी में इंडिया स्टोन आर्ट्स और मित्तल आर्ट एंड एक्सपोर्ट को सम्मानित किया गया। पारंपरिक एवं आधुनिक स्टोन हस्तशिल्प श्रेणी में नवीन शर्मा, राजेश कुमार शर्मा, गोपाली और बनवारी लाल सैनी सहित कई कलाकारों को पुरस्कार दिए गए। राज्य पवेलियन श्रेणी में गुजरात को प्रथम और ओडिशा को द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं सरकारी श्रेणी में डिपार्टमेंट ऑफ माइंस एंड पेट्रोलियम, गवर्नमेंट ऑफ राजस्थान को प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया।

प्रमुख अतिथियों ने सराहा आयोजन

कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री केके विश्नोई, एसीएस उद्योग शिखर अग्रवाल, रीको एमडी शिवांगी स्वर्णकार, कार्यक्रम संयोजक नटवर लाल अजमेरा तथा लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव नरेश पारीक उपस्थित रहे।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 ने राजस्थान की औद्योगिक पहचान को वैश्विक स्तर पर और मजबूत किया है। उन्होंने प्रदर्शनी में भाग लेने वाले उद्यमियों, आयोजकों और प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री केके विश्नोई ने कहा कि राज्य सरकार स्टोन इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए नीति समर्थन, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और निवेश प्रोत्साहन पर लगातार कार्य कर रही है। वहीं लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि स्टोन सेक्टर में लघु उद्योगों की भागीदारी भारत की आर्थिक मजबूती का आधार है।

Previous
Next

Related Posts