



जयपुर के रामबाग गोल्फ क्लब में आयोजित पीएम रुंगटा मेमोरियल गोल्फ कप 2026 इस बार खास आकर्षण का केंद्र रहा। दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव की मौजूदगी ने इस प्रतिष्ठित एकदिवसीय गोल्फ टूर्नामेंट को यादगार बना दिया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्जुन कुच्छल ने ओवरऑल ग्रॉस विनर रोलिंग ट्रॉफी अपने नाम की। टूर्नामेंट में कुल 143 गोल्फर्स ने हिस्सा लिया, जिनमें बिजनेस जगत, उद्योग, न्यायपालिका, सेना और रेलवे सहित विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ी शामिल थे।
प्रतियोगिता स्टेबलफोर्ड–सिंगल पियोरिया फॉर्मेट में खेली गई। पूरे दिन चले मुकाबलों के बाद भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ टूर्नामेंट का समापन हुआ, जिसमें विभिन्न श्रेणियों और हैंडीकैप कैटेगरी के विजेताओं और उपविजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और सौहार्द का बेहतरीन संगम देखने को मिला।
टूर्नामेंट के दौरान मदन लाल, गगन खोड़ा और अमृत माथुर जैसे सेलिब्रिटी गोल्फर्स भी मैदान पर नजर आए। हैंडीकैप श्रेणियों में उपविजेता के रूप में 0–9 कैटेगरी में दीप करन सिंह, 10–18 में योगेंद्र सिंह और 19–24 में योगेंद्र गोटेवाल रहे। वहीं विजेताओं में 0–9 कैटेगरी में हिमांशु सिंह, 10–18 में देवेंद्र राजावत और 19–24 में अंकुर ठाकुर ने खिताब जीता। वेटरन गोल्फर अवॉर्ड डॉ. बसंत खेतान को दिया गया, जबकि लेडी गोल्फर का खिताब विम्मी भाटिया ने अपने नाम किया।
मीडिया से बातचीत में मदन लाल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे चाहते थे कि पाकिस्तान और बांग्लादेश को टी-20 वर्ल्ड कप खेलना चाहिए था। उनके अनुसार, टूर्नामेंट न खेलने से इन देशों को आर्थिक नुकसान तो होता ही है, साथ ही भविष्य के युवा खिलाड़ियों का भी नुकसान होता है।